3 दिसंबर 2014 - 19:28
 आईएसआईएल के ख़िलाफ़ लड़ाई में कोई परिवर्तन नहीं

ईरान ने कहा है कि तकफ़ीरी आतंकवादियों से लड़ने में पड़ोसी देश इराक़ को सैन्य परामर्श देने की नीति जारी रहेगी।

ईरान ने कहा है कि तकफ़ीरी आतंकवादियों से लड़ने में पड़ोसी देश इराक़ को सैन्य परामर्श देने की नीति जारी रहेगी।
विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मर्ज़िया अफ़्ख़म ने बुधवार को अपनी साप्ताहिक प्रेस कांफ़्रेंस में कहा, “तकफ़ीरी आतंकवादियों के ख़िलाफ़ लड़ाई में, इराक़ी सरकार की मदद और बग़दाद को परामर्श देने की ईरान की नीति तनिक भी नहीं बदली है।” उन्होंने पेन्टागन अधिकारियों के उस हालिया दावे की प्रतिक्रिया में यह टिप्पणी की है जिसमें पेन्टागन के अधिकारियों ने कहा था कि ईरान ने पूर्वी इराक़ में हालिया दिनों में आईएसआईएल के ख़िलाफ़ हवाई हमले किए हैं।  मर्ज़िया अफ़्ख़म ने कहा कि आईएसआईएल के ख़िलाफ़ दूसरे देशों के सैन्य गठबंधन के साथ ईरान के सहयोग के बारे में रिपोर्ट सही नहीं हैं।
ज्ञात रहे जून में तकफ़ीरी आतंकवादी गुट आईएसआईएल ने सीरिया और इराक़ के सीमावर्ती इलाक़े के बड़े भाग पर क़ब्ज़ा कर लिया था जिसे आज़ाद कराने के लिए इराक़ी सेना का अभियान जारी है और इस अभियान में उसे अब तक बहुत सफलताएं मिली हैं।
ईरान अनेक अवसरों पर यह कह चुका है कि वह इराक़ में सैन्य कार्यवाही में शामिल नहीं है बल्कि आतंकवादियों के ख़िलाफ़ लड़ाई में बग़दाद सरकार को सिर्फ़ परामर्श देता है।